वीडियो के साथ पोस्ट कर भाजपा सरकार को घेरा, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य पर उठाए सवाल, जो संतों तक की सगी नहीं, वो भाजपा अब और नहीं
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने NEET परीक्षा से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए भावुक टिप्पणी की और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “जब भाजपा के राज में विकसित भारत के झूठ का इतिहास लिखा जाएगा, तब क्या एक बेबस बेटी का ये आखिरी खत भी लगाया जाएगा।” उन्होंने भाजपा समर्थकों से सीधी अपील करते हुए कहा कि क्या यह पत्र भी उनकी आंखें नहीं खोल सकता। सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में #NEET, #NEET_LEAK और #CBSE हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाया।उन्होंने संकेत दिया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर युवाओं के बीच गंभीर चिंता का माहौल है।
NEET और अन्य भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को लेकर पहले भी विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा है। हाल के वर्षों में पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मामलों पर राजनीतिक बहस तेज रही है। इसी क्रम में अखिलेश यादव ने छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को सामने रखते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की है। अखिलेश के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर #NEET और #NEET_LEAK फिर चर्चा में आ गए हैं। वहीं भाजपा की ओर से इस टिप्पणी पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
उन्नाव हत्याकांड पर एसबीआई जांच की मांग
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्नाव की 26 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता ने युवती से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करवा दी। अखिलेश ने मामले की सीबीआई जांच, पीड़ित परिवार को न्याय और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि अब देखना होगा कि सरकार अपने आरोपी साथी के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
जो संतों तक की सगी नहीं, वो भाजपा अब और नहीं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वर सरस्वती के एक वीडियो को साझा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा, “जो संतों तक की सगी नहीं, वो भाजपा अब और नहीं।”अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में महाकाव्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग संतों, यज्ञ और सद्कर्मों में बाधा डालते हैं, उनका अंत स्वयं प्रभु करते हैं। उनके इस बयान को भाजपा सरकार और उसके कामकाज पर राजनीतिक टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है। सपा प्रमुख का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।
