बरेली: एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन्स में एक खास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मकसद पुलिसकर्मियों को ऐसी ट्रेनिंग देना था, जिससे वे आपात स्थिति में तुरंत मदद कर सकें। इसमें सीसी टीम, यातायात पुलिस और यूपी-112 के कर्मियों को ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में तैयार किया गया।

आईएमए टीम ने सिखाए CPR और प्राथमिक उपचार

इस प्रशिक्षण में आईएमए (IMA) की टीम ने अहम भूमिका निभाई। डॉक्टरों ने पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार, CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), सड़क हादसे में घायल लोगों की मदद और आपदा के समय क्या करना चाहिए, इसकी आसान और व्यवहारिक जानकारी दी। साथ ही नागरिक सुरक्षा कोर की टीम ने आपदा और बचाव के तरीकों पर भी कार्यशाला आयोजित की।
250 से ज्यादा कर्मियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) मो० अकमल खान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और डॉक्टर मौजूद रहे। इस दौरान करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें ट्रैफिक पुलिस, सीसी टीम के लगभग 110 सदस्य और यूपी-112 के 76 कर्मी शामिल रहे। इस तरह की ट्रेनिंग से पुलिसकर्मी अब किसी भी आपात स्थिति में तेजी से और बेहतर तरीके से लोगों की मदद कर सकेंगे।
