बरेली: शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल और पर्स छीनने की घटनाओं से लोग परेशान थे। एक घटना में एक दंपत्ति से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल और करीब 5000 रुपये थे। वहीं दूसरी घटना में एक युवती से फैक्ट्री से लौटते समय रास्ते में मोबाइल छीन लिया गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चेकिंग के दौरान 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान बंडिया नहर रोड के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में अशोक उर्फ नौनी, फैज अली खान उर्फ आसू और सोनू शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिनमें से एक मोबाइल पीड़ित युवती का निकला।
पूछताछ में कबूला जुर्म, पैसे खर्च कर दिए
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने दंपत्ति से पर्स छीनकर उसमें रखे पैसे आपस में बांट लिए और खर्च कर दिए, जबकि मोबाइल के पार्ट्स एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
