बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला थाना क्षेत्र में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि “आज मेरा आखिरी दिन है” और जहर खाने की बात कही। यह सूचना तुरंत पुलिस मुख्यालय तक पहुंची। इसके बाद इसे गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया।
15 मिनट में घर पहुंची पुलिस, तुरंत अस्पताल ले जाया गया
एसएसपी अनुराग के निर्देशन में आंवला थाने की पुलिस टीम महज 15 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। वहां पहुंचने पर पता चला कि युवक ने अपने हाथ पर ब्लेड से कट लगा लिए थे और कीटनाशक दवा भी पी ली थी। पुलिस ने परिजनों की मदद से बिना देरी किए युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रेम संबंध के कारण उठाया कदम, पुलिस ने की काउंसलिंग
इसके बाद में युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन बातचीत बंद होने के कारण उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और उसे समझाया। इसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया। परिजनों ने समय पर पहुंचकर मदद करने के लिए बरेली पुलिस का धन्यवाद किया।
