बरेली : पड़ोसी जिले रामपुर में H5N1 एवियन इंफ्लुएंजा (Bird Flu) के मामले सामने आने के बाद बरेली प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए मुर्गियों और अंडों की सप्लाई पर रोक लगा दी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) डॉ. मनमोहन पांडेय ने जिले के 110 पोल्ट्री फार्मों पर निगरानी बढ़ाने और तहसील स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
सीमाओं पर कड़ी निगरानी
जिला प्रशासन ने रामपुर से आने वाली पोल्ट्री सप्लाई पूरी तरह रोक दी है। पुलिस की मदद से सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। जून और जुलाई में लिए गए 700 से ज्यादा सैंपल निगेटिव आए थे, लेकिन सावधानी बरतते हुए सैंपलिंग का दायरा और बढ़ाया जा रहा है।
पोल्ट्री फार्मों में एहतियात
पोल्ट्री फार्म मालिक ब्लीचिंग पाउडर, चूना और सख्त सफाई व्यवस्था अपना रहे हैं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
सरकार ने जारी की गाइडलाइन
प्रमुख सचिव पशुधन अमित घोष ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पोल्ट्री फार्म पर दैनिक निगरानी और सैंपलिंग हो। कंट्रोल रूम जिला और तहसील स्तर पर स्थापित हों। संक्रमित पक्षियों की पहचान होते ही तुरंत कार्रवाई हो। रामपुर में मिला H5N1 वायरस, रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के कप्तान पोल्ट्री फार्म में H5N1 एवियन इंफ्लुएंजा के केस कन्फर्म हुए थे। इसके बाद आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।
