बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
शराब पीने के दौरान विवाद! छत से गिराने का आरोप
पुलिस के मुताबिक केसरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय विनोद को गांव के ही तीन युवक गुरगांवा गांव लेकर गए थे। वहां सभी ने शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के बाद विनोद को छत से नीचे धक्का दे दिया गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल बरेली जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, गांव में यह भी चर्चा है कि विनोद पानी पीने के लिए गया था और नशे की हालत में गिर गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ी, और इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
हत्या का मुकदमा दर्ज, एसएसपी ने संभाली कमान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी अनुराग आर्य स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कई पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश के लिए लगाया गया।
भागते आरोपियों से मुठभेड़, पुलिसकर्मी घायल
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आरिल नदी के रास्ते बदायूं की ओर भागने की कोशिश कर रहे हैं। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो वे भागने लगे।कुछ दूरी पर बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राशिद के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती, फरार की तलाश जारी
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक विनोद दिल्ली में रेहड़ी लगाने का काम करता था।
जानें क्या बोलीं एसपी साउथ
इस पूरे मामले पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
