बरेली: लंबित विवेचनाओं और अपराधों की जांच को एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख दिखाया है। कैंप कार्यालय में प्रेमनगर, कैंट, क्योलड़िया और फरीदपुर थाने से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान 90 विवेचनाओं की प्रगति देखी गई। एसएसपी ने साफ कहा कि हर केस की जांच समय पर, सही तरीके से और बिना लापरवाही के पूरी होनी चाहिए। जिन मामलों में काम धीमा मिला, वहां कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
चार थानों के 90 मामलों की गहन समीक्षा

एसएसपी अनुराग आर्य ने समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें चार थानों के सीओ, थाना प्रभारी और 24 विवेचक शामिल हुए। बैठक में कुल 90 विवेचनाओं को एक-एक कर देखा गया। हर मामले की जांच किस स्थिति में है? क्या कार्रवाई हुई है? और कहां कमी रह गई है। इस पर विस्तार से बात हुई। एसएसपी ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि वे साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करें और तय समय के भीतर केसों का निस्तारण करें।
काम में ढिलाई पर 4 दरोगाओं पर जांच के आदेश
समीक्षा के दौरान कुछ विवेचनाओं में संतोषजनक प्रगति नहीं मिली।इस पर एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना फरीदपुर में तैनात उपनिरीक्षक दयानंद शर्मा और सौरभ सिवाच, जबकि थाना कैंट में तैनात उपनिरीक्षक भीष्म सिंह और इंतजार हुसैन के कामकाज की प्रारंभिक जांच कराने के आदेश दिए। साफ संदेश दिया गया कि जांच में लापरवाही या सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेम प्रसंग से जुड़े 6 मामलों पर खास फोकस
बैठक में ऐसे 6 मामलों की भी अलग से समीक्षा की गई, जो प्रेम प्रसंग से जुड़े हैं और जिनमें की अब तक बरामदगी नहीं हो सकी है। एसएसपी ने इन मामलों को गंभीर मानते हुए हर केस के लिए अलग-अलग टीमें बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बरामदगी के लिए तेजी से और असरदार कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।
15 जुलाई को फिर समीक्षा,अच्छा काम करने वालों को मिलेगा इनाम
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि इन चारों थानों की विवेचनाओं की दोबारा समीक्षा 15 जुलाई को की जाएगी। उस दिन यह भी देखा जाएगा कि किस विवेचक ने सबसे बेहतर और समय पर काम किया। अच्छा प्रदर्शन करने वाले विवेचकों को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कर दिया कि बरेली पुलिस की प्राथमिकता अब हर केस की मजबूत और समयबद्ध जांच है, और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
