मेडागास्कर की दुर्लभ रूबी, 40 असली हीरे और शाही डिजाइन ने बनाया इस वेडिंग रिंग को बेहद खास
मुंबई : बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान और उनकी करीबी दोस्त गौरी स्प्रैट की निजी शादी के बाद अब उनकी वेडिंग रिंग सबसे ज्यादा चर्चा में है। दोनों ने 5 जुलाई 2026 को बेहद निजी समारोह में रजिस्टर्ड मैरिज की थी, जिसमें परिवार और कुछ करीबी लोग ही शामिल हुए। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद गौरी की अंगूठी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
दुर्लभ रूबी से बनी है खास अंगूठी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौरी की वेडिंग रिंग को Qween ने विशेष रूप से तैयार किया है। अंगूठी के बीच में मेडागास्कर से मंगाई गई दुर्लभ कैबोशॉन-कट प्राकृतिक रूबी जड़ी गई है। इस रूबी को सोने के मुकुट जैसी खूबसूरत डिजाइन में सेट किया गया है, जो इसे बेहद आकर्षक बनाता है।
40 असली हीरों से सजी शाही डिजाइन
रूबी के चारों ओर 40 असली हीरे जड़े गए हैं, जिससे अंगूठी का लुक और भी शानदार दिखाई देता है। रिपोर्ट के अनुसार, इतनी उच्च गुणवत्ता वाली प्राकृतिक रूबी दुनिया में बेहद दुर्लभ होती है और ऐसी रूबी मिलने की संभावना 0.1 प्रतिशत से भी कम बताई जाती है।
131 कारीगरों ने 256 घंटे में तैयार की अंगूठी
इस खास वेडिंग रिंग को तैयार करने में 131 कारीगरों ने मिलकर काम किया। अंगूठी बनाने में 256 घंटे से अधिक समय लगा। वहीं, इस दुर्लभ रूबी को तलाशने और हासिल करने में करीब तीन महीने का समय लगा।
शादी के बाद रिंग बनी आकर्षण का केंद्र
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की निजी शादी के बाद उनकी वेडिंग रिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इसकी अनोखी डिजाइन, दुर्लभ रूबी और बारीक कारीगरी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
