बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र के सिगौती गांव में सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गेहूं के खेतों में लगी भीषण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से एक खेत से दूसरे खेत में फैलती चली गई और करीब 200 बीघा तैयार खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और किसान बदहवास होकर आग बुझाने में जुट गए।
कई जिलों से पहुंची दमकल, घंटों चला रेस्क्यू

आग की भयावहता को देखते हुए बहेड़ी के साथ-साथ बरेली और किच्छा से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार, दमकल की कई यूनिट्स और पुलिस बल लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।
कटाई से पहले ही बर्बाद हुई फसल, किसानों पर संकट
यह आग किसानों के लिए किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है, जो गेहूं की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी। वह जलकर राख हो गई। किसानों की सालभर की मेहनत कुछ ही घंटों में खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
मुआवजे की मांग, जांच में जुटा प्रशासन
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।
