बरेली : यूपी के बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाते हुए एक साथ 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें 5 हेड कॉन्स्टेबल और 3 सिपाही शामिल हैं। यह कार्रवाई लगातार गैरहाजिर रहने, ड्यूटी में लापरवाही और दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद की गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कर दिया है कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छुट्टी के बाद ड्यूटी पर नहीं लौटे कई पुलिसकर्मी
जांच में सामने आया कि हेड कांस्टेबल विजय कुमार, राजवीर सिंह और सुनील कुमार छुट्टी पर जाने के बाद समय पूरा होने पर भी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और बिना सूचना लगातार गैरहाजिर रहे। इसी तरह सिपाही राजू सिंह और बॉबी कुमार भी छुट्टी के बाद ड्यूटी से गायब पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
ड्यूटी से गायब और चेकिंग में पकड़े गए कर्मचारी
हेड कांस्टेबल विनेश कुमार को ड्यूटी के दौरान चेकिंग में अनुपस्थित पाया गया। वहीं सिपाही अनिल चौधरी भी ड्यूटी के समय चौकी पर नहीं मिले। इन मामलों को भी गंभीर मानते हुए एसएसपी ने दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया।
दुर्व्यवहार की शिकायत पर भी गिरी गाज
हेड कांस्टेबल अनुज कुमार पर कार्य और आचरण को लेकर शिकायत मिली थी। जांच में दुर्व्यवहार की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई यह दर्शाती है कि सिर्फ गैरहाजिरी ही नहीं, बल्कि व्यवहार संबंधी शिकायतों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
विभागीय जांच शुरू, आगे और बढ़ सकती है कार्रवाई
एसएसपी ने सभी 8 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद इनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। इस बड़े एक्शन के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश दिया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बिल्कुल भी स्वीकार नहीं की जाएगी।
