आज के डिजिटल दौर में हम जिस “खाने” का सबसे ज्यादा सेवन कर रहे हैं, वह न तो थाली में परोसा जाता है और न ही बाजार में बिकता है, यह है सोशल मीडिया। एक समय जो सिर्फ एक माध्यम था। वह आज हमारी दिनचर्या, आदत और मानसिक खुराक बन चुका है।
आंखों से शुरू होकर दिमाग तक पहुंचने वाला ‘भोजन’
सोशल मीडिया का यह “ब्रेन फूड” हमारी आंखों से शुरू होता है और धीरे-धीरे हमारे पूरे मानसिक स्पेस पर कब्जा कर लेता है। हम कब स्क्रॉल करना शुरू करते हैं, और कब घंटों बीत जाते हैं। इसका एहसास भी नहीं होता। दिन से रात तक यह हमें बांधे रखता है, लेकिन बदले में देता क्या है? थकान, खालीपन और बेचैनी।
जुड़ाव के नाम पर बढ़ती दूरी
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि हम पहले से ज्यादा “कनेक्टेड” हैं,लेकिन पहले से ज्यादा अकेले भी। रिश्ते कमजोर हो रहे हैं, बातचीत कम हो रही है, और हम अपने ही लोगों के बीच रहकर भी मानसिक रूप से कहीं और खोए रहते हैं।
ओवरलोड दिमाग, अंडरनरिश्ड मन
लगातार जानकारी, नोटिफिकेशन और कंटेंट की बाढ़ ने हमारे दिमाग को इतना भर दिया है कि अब उसमें स्पष्टता और शांति की जगह कम होती जा रही है। नींद प्रभावित हो रही है, तनाव और चिंता बढ़ रही है, और मन स्थिर रहना भूलता जा रहा है।
तुलना और असंतोष का जाल
सोशल मीडिया पर दिखने वाली “परफेक्ट लाइफ” हमें अपनी वास्तविक जिंदगी से असंतुष्ट करने लगती है। हम दूसरों की हाइलाइट्स से अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की तुलना करने लगते हैं, जिससे आत्मविश्वास और संतोष दोनों प्रभावित होते हैं।
हर पल ऑनलाइन, असल जिंदगी ऑफलाइन
खाने की मेज हो या परिवार के साथ बिताया समय, अब हर जगह स्क्रीन हावी है। हम पलों को जीने के बजाय उन्हें पोस्ट करने में ज्यादा व्यस्त हो गए हैं। धीरे-धीरे हम “जीना” भूलते जा रहे हैं।
यह हैं समाधान-स्क्रीन से दूरी, खुद से नजदीकी
इस समस्या का हल जटिल नहीं, बल्कि बेहद सरल है, स्क्रीन टाइम कम करना है। खाने के समय फोन से दूरी होनी चाहिए। सोने से पहले स्क्रॉलिंग बंद करें। सुबह उठते ही स्क्रीन से दूरी हो। दिन में कुछ समय खुद के लिए छोटे-छोटे कदम ही बड़े बदलाव लाते हैं।
वास्तविक दुनिया से फिर जुड़ने की जरूरत
किताब पढ़ना, शांत बैठना, बिना हेडफोन के टहलना और आमने-सामने बातचीत करना, ये छोटी चीजें हमें फिर से संतुलित करती हैं। यही असली “ब्रेन फूड” है, जो हमें सुकून देता है।
