रात जगाओ-नींद भगाओ आंदोलन की चेतावनी, बिजली व्यवस्था पर सपाइयों का बड़ा हमला
बरेली : यूपी के बरेली जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती और चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर “चिकनी घड़ा” प्रदर्शन किया और मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल सुचारु बिजली आपूर्ति की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
‘हम चिकने घड़े हैं…’ लिखे घड़ों के साथ किया प्रदर्शन
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता सफेद घड़े लेकर पहुंचे, जिन पर लिखा था – “हम चिकने घड़े हैं, हम नहीं सुधरेंगे, हम काम नहीं करेंगे, हम फोन नहीं उठाएंगे।”इन घड़ों के जरिए सपा कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी जनता की शिकायतों को सुनकर भी अनसुना कर रहे हैं। इस दौरान विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
हैदर अली बोले- बिजली कटौती से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
सपा नेता हैदर अली ने कहा कि जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लंबे-लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे हैं और शिकायत करने पर जनता के फोन तक नहीं उठाए जा रहे। उनका कहना था कि बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रात जगाओ-नींद भगाओ आंदोलन का ऐलान
हैदर अली ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी लोगों की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन में रखी गईं कई अहम मांगें
मुख्य अभियंता को सौंपे गए ज्ञापन में सपा कार्यकर्ताओं ने कई मांगें रखीं। इनमें अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत कराने और हेल्पलाइन नंबर को पूरी तरह सक्रिय करने की मांग शामिल रही। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और फोन न उठाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बिजली संकट से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिजली कटौती के कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। मोटर और पंप नहीं चल पाने से कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को रात-रात भर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी साझा की परेशानी
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं सामने रखीं। लोगों ने बताया कि बिजली कटौती का कोई तय समय नहीं है। कभी दिन में तो कभी देर रात घंटों बिजली गायब रहती है। शिकायतों के बावजूद मौके पर कर्मचारी नहीं पहुंचते, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में मुख्य रूप से सैय्यद फैज़, राशिद खान, अमित कुमार सागर, अक्षय मेसी, ज़हीर खान, अब्दुल करीम अल्वी, पंडित रचित शर्मा, हबीब वारसी, धर्मेंद्र पटेल, मनमोहन माथुर, इरशाद अंसारी, सदाकत मुन्ना, आरके सिंह, जितेंद्र और यूनुस बाबर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
