बरेली : आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित कर जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा -निर्देश दिए। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी से लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बकरीद को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी कड़ी नजर
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करें और बकरीद से जुड़े संभावित विवादों की जानकारी जुटाएं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पहले सामने आए विवादों और यूपी-112 पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कुर्बानी से जुड़े नियमों का सख्ती से कराया जाएगा पालन
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। कुर्बानी के बाद मीट को पूरी तरह ढककर और व्यवस्थित तरीके से ले जाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति पैदा न हो।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि कुर्बानी से जुड़े वीडियो या किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने वालों पर नजर रखी जाए। सांप्रदायिक माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया है।

जनसुनवाई और पुलिस रिस्पांस सिस्टम को लेकर भी दिए गए निर्देश
एसएसपी ने थाना और चौकी स्तर पर जनसुनवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। प्रत्येक शिकायत को रजिस्टर में दर्ज करने, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया गया। साथ ही यूपी-112 टीमों को प्रत्येक सूचना पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
