बरेली : पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।सोमवार को एक बार फिर ईंधन के दामों में बढ़ोतरी की गई। इसके बाद बरेली में पेट्रोल 102 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.47 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। बीते 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।ताजा बढ़ोतरी में पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.72 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। आंकड़ों के अनुसार 16 मई से अब तक पेट्रोल 7.20 रुपये और डीजल 7.55 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता से लेकर किसानों और व्यापारियों तक सभी की चिंता बढ़ा दी है।
रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ेगा असर
ईंधन महंगा होने का सीधा असर माल भाड़े और परिवहन खर्च पर पड़ता है। ऐसे में सब्जियों, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका बढ़ गई है। शहर में स्कूल वैन और निजी परिवहन संचालक भी किराया बढ़ाने की तैयारी में हैं, जिससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
किसानों की बढ़ी चिंता
गांवों में धान की नर्सरी और रोपाई का समय शुरू होने वाला है।किसानों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पहले से ही प्रभावित रहती है, ऐसे में सिंचाई के लिए डीजल चालित ट्यूबवेल पर निर्भरता बढ़ जाती है। डीजल महंगा होने से खेती की लागत भी बढ़ेगी। कृषि यंत्रों का किराया, ट्रैक्टर संचालन और सिंचाई का खर्च बढ़ने से किसानों की चिंता और गहरा गई है।
DSO ने कहा- जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं, ये बढ़े रेट
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) मनीष कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के कारण पेट्रोल-डीजल महंगा हो रहा है, लेकिन बरेली जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 193 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। DSO ने यह भी बताया कि एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई सामान्य है और लोगों को किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। इसके साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर आरओ पानी की सुविधा अनिवार्य करने की बात भी कही गई है।
10 दिनों में चार बार बढ़े दाम
तिथि डीजल पेट्रोल की कीमत
16 मई 90.93 97.66
20 मई 91.84 98.53
23 मई 92.75 99.39
25 मई 95.47 102.00
महंगाई पर नहीं लग रहा ब्रेक
आर्थिक जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर लगातार पड़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में महंगाई का असर आम लोगों के घरेलू बजट पर और ज्यादा पड़ना तय माना जा रहा है।
