13 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद भाग रहे थे आरोपी, पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
बरेली : यूपी के बरेली जिले में 13 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। देहात के क्योलड़िया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी साकिब के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मुनीश भी मौके से दबोच लिया गया।
जानें क्या है पूरा मामला?
यह घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी को गांव के ही दो युवक साकिब और मुनीश बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाकर मधुनगला मढ़ी के जंगल में ले गए। वहां दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब पीड़िता बदहवास हालत में घर पहुंची, तो परिवार के होश उड़ गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मुकदमा वापस लेने की धमकी
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को तमंचा दिखाकर मुकदमा वापस लेने की धमकी भी दी थी। इस सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश और तेज कर दी।
मुठभेड़ में आरोपी घायल
29 अप्रैल की रात करीब 11 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी मधुनगला मंदिर के पास बाइक और हथियारों के साथ खड़े हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक देशराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी बाइक से भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर उनकी बाइक फिसल गई। इसी दौरान मुख्य आरोपी साकिब ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो साकिब के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने घायल साकिब को इलाज के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं उसके साथी मुनीश को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक स्पलेंडर बाइक और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
कड़ी कार्रवाई का भरोसा
सीओ ने मीडिया को बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पर फायरिंग व अवैध हथियार रखने के मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सख्ती का संदेश गया है और अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
