घर से निकलीं सुबह रितेदार घर जाने को, आवारा कुत्तों के आतंक पर फूटा लोगों का गुस्सा
बरेली : शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक अब जानलेवा साबित हो रहा है। कर्मचारी नगर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजू सक्सेना की मौत हो गई। कुत्तों के झुंड से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इससे पहले भी आवारा कुत्तों के हमलों से दो दर्जन से अधिक बच्चों और लोगों की मौत हो चुकीं है। मगर, इसके बाद भी आवारा कुत्तों को लेकर नगर निगम की तरफ से कोई पकड़ने का प्लान नहीं बनाया गया।
सुबह-सुबह हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, वीर सावरकर फेस-2 निवासी मंजू सक्सेना हाल ही में बेसिक शिक्षा विभाग से रिटायर हुई थीं। बुधवार सुबह वह अपने बेटे शानू के साथ बाइक से कर्मचारी नगर स्थित केसर वाटिका में अपने दामाद शुभम सक्सेना के घर जा रही थीं। उन्हें वहां से इलाज के लिए दिल्ली रवाना होना था। जैसे ही बाइक ऑफिसर्स एन्क्लेव विस्तार कॉलोनी में राहुल प्रोविजन स्टोर के पास पहुंची, अचानक कुत्तों का एक झुंड उनके पीछे दौड़ पड़ा। इस दौरान घबराहट में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मंजू सक्सेना सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं।
सिर में गंभीर चोट, मौके पर मौत
हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इलाज के लिए दिल्ली जाने वाली थीं
परिजनों के अनुसार, मंजू सक्सेना पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और बेहतर इलाज के लिए दिल्ली जाने की तैयारी थी। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
नगर निगम पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि परसाखेड़ा के नदौसी में करीब 1.81 करोड़ रुपये की लागत से बना एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर लंबे समय से कागजों तक सीमित है। 200 कुत्तों की क्षमता वाले इस सेंटर में अब तक एक भी कुत्ता नहीं रखा गया, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही हैं।
जांच का दिया भरोसा
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मामले में जानकारी मिलने के बाद जांच कराने की बात कही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की औपचारिक जानकारी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
