बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चमन नगरिया निवासी आरिफ खां ने तीन लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, डंडे के वार से उनके सिर में चोट लगी और सिर फट गया। इस मामले को लेकर उन्होंने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरिफ खां के अनुसार, 18 सितंबर की शाम करीब आठ बजे वह अपने बेटे हैदर के साथ मुझैना संतोष गांव से पार्सल लगाकर बाइक से घर लौट रहे थे।गांव से पहले पुलिया के पास तीन लोग खड़े थे। आरोप है कि दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और डंडे से सिर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
बाइक से गिराकर पीटा
पीड़ित का आरोप है कि नीचे गिरने के बाद भी दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। इसी दौरान उनका बेटा मौके से भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।आरिफ के मुताबिक, परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो तीनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिजनों ने घायल आरिफ खां का भोजीपुरा क्षेत्र के जादोपुर स्थित चिकित्सक से उपचार कराया। इसके बाद उन्हें थाना नवाबगंज ले जाया गया।यहां उन्होंने तहरीर देकर तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
