बरेली : शहर के किला ओवरब्रिज (पुल) पर रविवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। ट्रक ने स्कूटी समेत कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और आगे बढ़ते हुए सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि जखीरा, कुबड़ी पाकड़ निवासी 40 वर्षीय अजीम मियां की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
दोस्तों के साथ लौट रहा था अजीम
ट्रक की चपेट में रास्ते में चल रहे कई वाहन आ गए। स्कूटी समेत अन्य वाहनों को टक्कर लगने से सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अचानक हुए हादसे के कारण लोगों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जाता है कि मृतक अजीम अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा ट्रक, मौके पर जुटी भीड़
कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद बेकाबू ट्रक आगे बढ़ता हुआ सत्यप्रकाश पार्क में जा घुसा।घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालने में मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
अफजल हुसैन समेत कई लोग घायल
इस सड़क हादसे में किला थाना क्षेत्र के कंघी टोला निवासी अफजल हुसैन के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा दो अन्य लोगों के भी घायल होने की बात बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। ट्रक को कब्जे में लिए जाने की जानकारी है।चालक के शराब के नशे में होने की बात बताई जा रही है।
