सीएम योगी ने वाराणसी से किया योजना का शुभारंभ, बरेली में लाइव प्रसारण के बाद शिक्षकों को चिकित्सा योजना का लाभ और छात्रों को डीबीटी के तहत 1200 की सहायता राशि वितरित
बरेली: उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल से इस महत्वाकांक्षी योजना का। शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बरेली के विकास भवन सभागार में किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और लाभार्थियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे, डीएम अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, संयुक्त शिक्षा निदेशक रामाज्ञया कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और लाभार्थी मौजूद रहे।
शिक्षकों को मिला कैशलेस इलाज का लाभ

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद बरेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत लाभार्थी शिक्षकों एवं उनके परिवारों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए गए। इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
विद्यार्थियों को भी मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों को भी डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अलावा नव नामांकित बच्चों को पाठ्य पुस्तकें और स्टेशनरी भी वितरित की गई।
एसबीआई ने दी विभिन्न योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुए एमओयू के बाद बैंक अधिकारियों ने शिक्षकों और कर्मचारियों को बैंक की विभिन्न वित्तीय और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी।
मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के हित में लिया गया एक दूरदर्शी निर्णय है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को भी सशक्त बनाएगी।
