बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार सुबह सड़क हादसे में कॉलेज जा रहे एक शिक्षक की मौत हो गई। मिनी बाईपास के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने मारी टक्कर
थाना किला क्षेत्र के मोहल्ला गुलाबनगर चौधरी निवासी 31 वर्षीय पीयूष कुमार सिंह पुत्र विवेक कुमार सिंह उत्कर्ष डिग्री कॉलेज में शिक्षक के पद पर तैनात थे। सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह मोटरसाइकिल से सीबीगंज स्थित उत्कर्ष डिग्री कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान मिनी बाईपास के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पीयूष कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पीयूष कुमार सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीयूष की मौत से उनकी पत्नी अर्चना और दो छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
