सपा प्रमुख की भाजपा को चेतावनी, सत्ता हमेशा किसी के हाथ में नहीं रहती, आजम खान के साथ नाइंसाफी का मिलेगा जवाब
लखनऊ/नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और जो प्रत्याशी सबसे बेहतर होगा, उसे मैदान में उतारा जाएगा। सोमवार को नई दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा पर सामाजिक न्याय, आरक्षण, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नौकरियों में आरक्षण छीना, लेटरल एंट्री लागू कर आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित किया और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। उन्होंने जातीय जनगणना की मांग करते हुए कहा कि इससे सामाजिक न्याय का विस्तार होगा और आबादी के अनुपात में लोगों को उनका हक और सम्मान मिल सकेगा।
आजम खां के साथ नाइंसाफी का बदला लेगी जनता : अखिलेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के मामले को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है और इसका जवाब उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता समय आने पर देगी। उन्होंने कहा कि सत्ता हमेशा किसी एक के पास नहीं रहती और उसका इस्तेमाल जनहित के लिए होना चाहिए, दुरुपयोग के लिए नहीं।
उधर, समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में पार्टी के निर्देश पर वीरांगना ऊदा देवी का शहीदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव की ओर से ऊदा देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी नेताओं ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
PDA में D का मतलब ‘दमदार दलित’
आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि इसमें उमड़ी भीड़ केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के दलित समाज की एकजुटता का संदेश है। उन्होंने कहा कि PDA में अब ‘D’ का मतलब केवल दलित नहीं, बल्कि ‘दमदार दलित’ हो गया है। अखिलेश ने नारा देते हुए कहा कि जो भाजपा के साथ है, वह PDA के खिलाफ है। उन्होंने संविधान और आरक्षण बचाने का संकल्प दोहराते हुए दावा किया कि 2027 में PDA की सरकार बनेगी, जो सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में काम करेगी।
प्रयागराज की व्यवस्थाओं पर तंज, बोले- 80 हजार करोड़ खर्च के बाद भी कीचड़ में धंसे दावे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और विकास के दावों को लेकर भी हमला बोला। प्रयागराज की व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 80 हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं के दावे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा दल-दल करार दिया। मथुरा-वृंदावन गए लोगों से उन्होंने अपील की कि यमुना में स्नान करके अपने कार्यक्रम की शुरुआत करें।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
