बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में पटाखा छोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के पास पटाखा छोड़ने का विरोध करने पर युवक और उसके परिजन नाराज हो गए। पहले गाली -गलौज की गई, और फिर लाठी -डंडों से परिवार पर हमला कर दिया गया। इस मारपीट में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोपियों पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर मीरगंज पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटाखा छोड़ने से मना करने पर विवाद
यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के बहरोली गांव का है। गांव निवासी अनीता शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात नवंबर की सुबह करीब सात बजे हेमपाल उर्फ बब्लू के बेटे शिवा ने उनके परिवार की महिला के पास पटाखा छोड़ दिया। इस पर परिवार के लोगों ने उसे ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर शिवा और उसके परिवार के लोग नाराज हो गए। देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई और मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया।
चार लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
अनीता शर्मा के मुताबिक,राजेश, हेमपाल उर्फ बब्लू, राजू और विक्की ने एकजुट होकर उनके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान अनीता शर्मा, परतोष शर्मा और संदीप शर्मा को चोटें आईं।अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मारपीट के बाद पूरे परिवार को दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घटना के बाद अनीता शर्मा ने मीरगंज थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चार आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश, हेमपाल उर्फ बब्लू, राजू और विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच में घटना से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
