पति पर चार निकाह करने का आरोप, विरोध करने पर पत्नी को प्रताड़ित करने और भूखा-प्यासा कमरे में बंद रखने का दावा,पति समेत चार लोगों के खिलाफ बारादरी थाने में FIR दर्ज
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में वैवाहिक विवाद और घरेलू उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। बारादरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर पहले से शादीशुदा होने के बावजूद कई निकाह करने और चौथा निकाह करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने पति के चौथे निकाह का विरोध किया तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा रखा गया और करीब एक महीने पहले धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर बारादरी पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौथे निकाह की जानकारी मिलने पर विवाद
यह मामला बारादरी थाना क्षेत्र के पनवड़िया का है। यहां रहने वाली रूबी का निकाह चक चुंगी निवासी समीर के साथ हुआ था। रूबी के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार उसके प्रति बदलने लगा। छोटी-छोटी बातों पर विवाद और ताने दिए जाने लगे। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि उसका पति समीर पहले से शादीशुदा है। बाद में उसे पता चला कि समीर ने मुस्कान नाम की युवती से चौथा निकाह भी कर लिया है। पति की लगातार शादियों की जानकारी मिलने पर रूबी ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि चौथे निकाह का विरोध करने पर पति समीर, उसकी ननद आयशा और नीलो समेत ससुराल के अन्य लोग उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। उसे गालियां दी जाती थीं और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। रूबी के मुताबिक, कई बार उसे कमरे में बंद कर दिया जाता था और खाने-पीने तक के लिए परेशान किया जाता था। आरोप है कि उसे तलाक दिलाने और घर से निकालने की धमकियां भी दी जाती थीं।
एक महीने पहले घर से निकाला, मायके में रहने को मजबूर
रूबी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक महीने पहले उसके साथ फिर मारपीट की गई। इसके बाद उसे धक्के देकर वैवाहिक घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि ससुराल से निकालते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद से वह अपने मायके में रहने को मजबूर है।
पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पीड़िता ने पति समीर, उसकी दोनों बहनों आयशा और नीलो तथा पति के ममेरे भाई के खिलाफ बारादरी थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
