एसपी चीफ का संदेश- भेदभाव के अंधेरे मिटाएं, सद्भाव के दीप जलाएं, बोले -कुछ लोग भेष बदलकर कुर्सी पर बैठे हैं,सैफई में दीपावली पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों से की मुलाकात
इटावा/सैफई : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दीपावली के अवसर पर सैफई में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, परिवारजनों और समर्थकों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमीन घोटाले, चंदा चोरी, संविधान की धज्जियां उड़ाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा भू-घोटाला भाजपा ने किया है। साथ ही दावा किया कि भाजपा की राजनीतिक विदाई तय है। अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी जा रही है और हमेशा-हमेशा के लिए जा रही है।”
भाजपा पर भू-घोटाले और संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप
सैफई में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे ज्यादा भू-घोटाला भाजपा ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर किसी ने अलोकतांत्रिक काम किए हैं तो भारतीय जनता पार्टी ने किए हैं। संविधान की सबसे ज्यादा धज्जियां भाजपा ने उड़ाई हैं और समय-समय पर अलग-अलग मुखौटे लगाकर जनता के सामने आती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भेष बदलकर कुर्सी पर बैठे हैं और उत्तर प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं।
चंदा चोरी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मांगा जवाब
सपा प्रमुख ने चंदा चोरी के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी को याद नहीं आया कि चंदा चोरी के बाद उन्होंने क्या कहा था। अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के पुराने बयान का जिक्र कर सवाल उठाया कि उन्होंने दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी, क्या अब वे इसे भूल गए हैं?
बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के सवाल पर सरकार को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार साजिश और षड्यंत्र के जरिए जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाना चाहती है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता को जवाब देना चाहिए कि किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, निवेश और महंगाई जैसे सवालों पर सरकार क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर सवाल पूछे जाने चाहिए, लेकिन सरकार इनसे ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।

जनता की सेवा और चुनावी नतीजों का जिक्र
सपा अध्यक्ष ने जनता की सेवा को अपनी पार्टी की राजनीति का आधार बताते हुए कहा, “हम लोगों ने जनता की सेवा की तो क्या परिणाम हुआ देखिए,बीजेपी हार गई।” उन्होंने भाजपा को लेकर एक बार फिर दावा किया कि पार्टी हमेशा-हमेशा के लिए जा रही है। साथ ही सरकार के लोगों से सवाल किया कि अभी-अभी उन्हें जीरो मिला है और डबल जीरो तथा डबल हार के बारे में भी जवाब देना चाहिए।

धार्मिक मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री से पूछे सवाल
उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों का जिक्र कर मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के पिता के बारे में क्या कहा गया और भगवान श्रीकृष्ण के बारे में क्या कहा जा रहा है, क्या मुख्यमंत्री ने इन मुद्दों पर कुछ कहा है? उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी हर भगवान और सभी देवी-देवताओं के दर्शन करता है। इस दौरान उन्होंने धार्मिक आस्था और सभी देवी-देवताओं के प्रति सम्मान की बात भी कही।

केदारेश्वर महादेव मंदिर को बताया सौभाग्य की बात
सैफई में बन रहे केदारेश्वर महादेव मंदिर का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने इसे सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर वे बैठे हैं, वहीं केदारेश्वर महादेव का मंदिर बन रहा है। उन्होंने बताया कि जिस शिव-शक्ति अक्ष रेखा पर बड़े-बड़े मंदिर स्थित हैं, उसी पर केदारेश्वर धाम भी आ रहा है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए सौभाग्यपूर्ण बताया।

दीपावली पर सद्भाव, सौहार्द और सामाजिक न्याय का संदेश
दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ज्योति पर्व सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। सबके जीवन में सुख-समृद्धि आए, घर-बाहर और मन का अंधेरा दूर हो तथा जीवन में समरसता कायम हो। उन्होंने सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की बात भी कही। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर के साथ दीपावली का संदेश साझा करते हुए लिखा, “चलो सद्भावनाओं के ऐसे अनूठे दीप जगमगाएं, जो भेदभावी मन के अंधेरों में प्रकाश भर जाएं।” उन्होंने समस्त विश्व और देश -प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

परिवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
दीपावली के अवसर पर सैफई में अखिलेश यादव से मिलने बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता, पत्रकार और स्थानीय लोग पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, मैनपुरी सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य, विधायक आशु मलिक, राजू यादव और तोताराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
