बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रामलीला मेले के दौरान खिलौने के पैसों को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक दुकानदार ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना दातागंज कस्बे में शनिवार देर रात की है। मेले में खिलौने के पैसों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान दुकानदार ने चाकू से दोनों युवकों पर हमला कर दिया।
खिलौने के चंद रुपयों को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दातागंज कस्बे में आयोजित रामलीला मेले में शनिवार देर रात खिलौने के पैसों को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर खिलौना दुकानदार मोहम्मद बारिश ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। वह बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के मरदान मोहल्ले का निवासी बताया गया है। हमले में बेहटा माधो गांव निवासी ऋतिक ठाकुर (24) और रोहित जाटव (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई चाकूबाजी से मेले में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में रोहित की मौत, ऋतिक बरेली रेफर
अस्पताल में चिकित्सकों ने रोहित जाटव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ऋतिक ठाकुर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मामले में दो आरोपी थे। इनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मेले में मामूली पैसों के विवाद में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
