5 जुलाई से 3 अगस्त तक यार्ड में होगा अपग्रेडेशन, लोकमान्य तिलक और इंदौर एक्सप्रेस निरस्त, दिल्ली पैसेंजर भी नहीं चलेगी, कई ट्रेनें घंटों लेट
बरेली: अगर आप जुलाई में बरेली से ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बरेली जंक्शन के यार्ड में 30 दिन के मेगा ब्लॉक के चलते रेलवे ने कई ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया है। लंबी दूरी की दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को एक महीने तक निरस्त कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। इसके अलावा कई ट्रेनें लगातार देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बरेली जंक्शन की पुरानी वाशिंग लाइन संख्या 36 और 37 पर मरम्मत और आधुनिकीकरण का कार्य किया जाएगा। इसी कारण 5 जुलाई से 3 अगस्त तक मेगा ब्लॉक रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
मेगा ब्लॉक के कारण 14313/14314 बरेली -लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस 11 जुलाई से 3 अगस्त तक निरस्त रहेगी। वहीं 14319/14320 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस 8 जुलाई से 30 जुलाई तक रद्द कर दी गई है। दोनों ट्रेनों की टिकट बुकिंग भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। इसके अलावा 54075/54076 बरेली-दिल्ली पैसेंजर भी 5 जुलाई से 3 अगस्त तक संचालित नहीं होगी। वहीं 11 जुलाई को बरेली-चंदौसी रेलखंड पर पुल संख्या-3 की मरम्मत के लिए नौ घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। जिसके चलते 64177/64178 मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर भी निरस्त रहेगी।
इन दिनों चलेगी लोकमान्य तिलक और इंदौर एक्सप्रेस
रेलवे ने यात्रियों को आंशिक राहत देते हुए 14313 लोकमान्य तिलक-बरेली एक्सप्रेस को 13 और 20 जुलाई तथा 14319 इंदौर-बरेली एक्सप्रेस को 16 जुलाई को चलाने का फैसला किया है। हालांकि ये ट्रेनें अपने सामान्य मार्ग की बजाय बीना -गुना- ग्वालियर रूट से संचालित होंगी।
मुंबई जाने वाले यात्रियों पर बढ़ेगा दबाव
लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के निरस्त होने से मुंबई जाने वाले यात्रियों का दबाव अब रामनगर -बांद्रा एक्सप्रेस और काठगोदाम -मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस पर बढ़ने की संभावना है। रेलवे का मानना है कि इन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ सकती है।
कई ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
उधर, विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे निर्माण कार्यों का असर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस मंगलवार को करीब छह घंटे की देरी से चली। इसके अलावा उपासना एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ और जम्मूतवी एक्सप्रेस भी चार से छह घंटे तक लेट रहीं। देरी के कारण कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं और उन्हें स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस और संचालन की स्थिति अवश्य जांच लें। जिन यात्रियों की टिकट निरस्त ट्रेनों में है, वे समय रहते वैकल्पिक ट्रेन या रिफंड की प्रक्रिया पूरी कर लें,ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
