सज्जादानशीन सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने एक शेर पर जताई आपत्ति, बोले- मामला सियासत का नहीं, ईमान और धार्मिक मान्यताओं का..
बरेली : कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और शायर इमरान प्रतापगढ़ी की नज़्म ‘ऐ मेरे वालिदे मोहतरम’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नज़्म के एक शेर पर दरगाह जिंदाशाह मदार की ओर से आपत्ति जताई गई है। दरगाह के सज्जादानशीन और तहरीक -ए-मदारियत काउंसिल के अध्यक्ष सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने आरोप लगाया है कि नज़्म के संबंधित शेर में पिता को अल्लाह से भी बढ़कर बताने का भाव व्यक्त किया गया है, जो इस्लाम की धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप नहीं है। इस मामले में उन्होंने इमरान प्रतापगढ़ी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, अल्लाह की बारगाह में तौबा करने और दोबारा कलमा पढ़कर तजदीदे ईमान करने की मांग की है।
नज़्म के एक शेर को लेकर जताई आपत्ति
शनिवार को यूपीजेए प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने कहा कि इमरान प्रतापगढ़ी संसद में मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और मुस्लिम समाज में उनकी पहचान भी है। हालांकि, उनकी वायरल नज़्म के एक शेर को लेकर धार्मिक दृष्टि से गंभीर आपत्ति है। जाफरी का कहना है कि इस्लाम में अल्लाह सर्वोच्च है और उसके बराबर कोई नहीं हो सकता। माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करना जरूरी है, लेकिन किसी भी इंसान को अल्लाह से ऊपर बताने वाली बात स्वीकार नहीं की जा सकती।
कुरआन की आयतों का दिया हवाला
अपनी आपत्ति के समर्थन में जाफरी ने कुरआन की सूरह अत-तौबा, सूरह लुकमान और सूरह इखलास का हवाला दिया।उन्होंने कहा कि इस्लाम में अल्लाह की एकता और सर्वोच्चता का स्पष्ट संदेश दिया गया है। मां-बाप की मोहब्बत, इज्जत और खिदमत हर मुसलमान की जिम्मेदारी है, लेकिन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अल्लाह का दर्जा सर्वोपरि है। जाफरी ने कहा कि उनकी आपत्ति इसी धार्मिक सिद्धांत को लेकर है।
उलेमा से फतवा लेने का दावा, रखीं तीन मांगें
सैयद इंतखाब आलम जाफरी ने दावा किया कि इस प्रकरण को लेकर उलेमा-ए-किराम से फतवा लिया गया है। उन्होंने इमरान प्रतापगढ़ी के सामने तीन मांगें रखीं। पहली, सांसद सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। दूसरी, अल्लाह की बारगाह में सच्चे दिल से तौबा करें। तीसरी, दोबारा कलमा पढ़कर तजदीदे ईमान करें। जाफरी के मुताबिक, जब तक उनकी ओर से इन मांगों पर अमल नहीं किया जाता, तब तक इस मामले को लेकर उनकी आपत्ति बनी रहेगी।
कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर उठाए सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान जाफरी ने कांग्रेस के नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता दूसरे मुद्दों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन अपने ही सांसद की नज़्म को लेकर उठे विवाद पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने सवाल किया कि जब अन्य मामलों में कांग्रेस नेता सक्रियता दिखाते हैं, तो इस प्रकरण पर खामोशी क्यों है?
बोले- राजनीतिक विरोध नहीं, धार्मिक आस्था का मामला
जाफरी ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग के पीछे कोई राजनीतिक विरोध या व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उनके मुताबिक, यह मामला किसी पार्टी या राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और ईमान से संबंधित है। उन्होंने कहा कि वे इमरान प्रतापगढ़ी का अपमान नहीं चाहते, बल्कि उनसे उम्मीद करते हैं कि वह अपनी नज़्म के विवादित बताए जा रहे शेर पर स्थिति स्पष्ट करें और उनकी मांगों पर विचार करें। उन्होंने पत्रकारों से भी अपील की कि इस मुद्दे को सांसद तक पहुंचाया जाए।
