तीन साल पहले बंद फर्म से कैसे हुआ टैक्स का खेल? ऐसे हुआ खुलासा
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में जीएसटी चोरी और फर्जी बिलिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बिना वास्तविक कारोबार किए फर्जी फर्मों के नाम पर बिल जारी कर टैक्स से जुड़े कथित फर्जीवाड़े को अंजाम देने के मामले में जीएसटी एसआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और फर्मों से जुड़े दस्तावेजों की अहम भूमिका सामने आई है। एसआईटी ने लगातार दो दिन कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई को फर्जी जीएसटी फर्मों के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फर्जी फर्म और बैंक खातों के जरिए टैक्स चोरी का आरोप
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान एक आरोपी के बैंक खाते से उसके साथी का मोबाइल नंबर लिंक मिला। बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज भी उसी के पास पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब तीन साल पहले जीएसटी विभाग की ओर से संबंधित फर्म को बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद फर्म और उससे जुड़े बैंकिंग दस्तावेजों का इस्तेमाल किस तरह किया गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सैमसंग Z Fold-7 मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां मोबाइल फोन और सिम कार्ड से मिलने वाले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की अन्य कड़ियां खंगाल सकती है।
दो दिन में एसआईटी ने की दो गिरफ्तारियां

इस पूरे मामले में जीएसटी एसआईटी ने दो दिन के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपांशु और राहुल के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपराध एवं प्रभारी जीएसटी एसआईटी के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक एवं मुख्य विवेचक संजय कुमार धीर ने किया। पहली टीम में उपनिरीक्षक मयंक भारद्वाज, अंकुर तोमर, हेड कांस्टेबल अर्पित चतुर्वेदी और कांस्टेबल रियाज अली शामिल रहे। वहीं दूसरी टीम में उपनिरीक्षक राजू कुमार, कांस्टेबल आर्विश मान और मोहम्मद शाहदत रिजवी ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।
धोखाधड़ी और जीएसटी अधिनियम के तहत मुकदमे
पुलिस के अनुसार, दीपांशु के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा संख्या 1305/2025 दर्ज है, जबकि राहुल के खिलाफ बहेड़ी थाने में मुकदमा संख्या 82/2026 दर्ज किया गया है।दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और जीएसटी अधिनियम की धारा 132 के तहत कार्रवाई की गई है।अब जांच का मुख्य फोकस फर्जी फर्मों के जरिए किए गए कथित टैक्स फर्जीवाड़े, बैंक खातों के इस्तेमाल, मोबाइल नंबरों के कनेक्शन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका पर है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने का फर्जी लेनदेन किया गया और सरकारी राजस्व को वास्तविक नुकसान कितना पहुंचा।
