स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अलग-अलग राउंड में हुए हादसे, दौड़ पूरी करने के बाद एक अभ्यर्थी की बिगड़ी तबीयत
बरेली : स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान सोमवार को छह महिला अभ्यर्थी घायल हो गईं। इनमें पांच अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक अभ्यर्थी दौड़ के दौरान बेहोश हो गई। सभी घायल अभ्यर्थियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के तहत महिला अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जा रही थी। दौड़ के अलग-अलग राउंड में कुछ अभ्यर्थियों को चोट लगी।हादसे के बाद मौके पर मौजूद व्यवस्था से जुड़ी टीम ने घायल अभ्यर्थियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दौड़ पूरी करने के बाद बिगड़ी अनामिका की तबीयत
फर्रुखाबाद के मऊ निवासी 28 वर्षीय अनामिका ने बताया कि उन्होंने दौड़ पूरी कर ली थी। इसके बाद अचानक उन्हें चक्कर आने लगा और तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
अंतिम राउंड में गिरकर घायल हुईं संध्या
पीलीभीत के बीसलपुर निवासी संध्या के अनुसार, दौड़ के अंतिम राउंड में करीब 50 मीटर की दूरी बाकी थी। इसी दौरान उनके पैर में अचानक चोट लग गई और वह गिर गईं। जांच के बाद पैर में फ्रैक्चर की जानकारी सामने आई।
पांचवें राउंड में रिंकी बेहोश
शाहजहांपुर के कलान निवासी रिंकी के साथ दौड़ के पांचवें राउंड में हादसा हुआ। उनके मुताबिक, दौड़ के दौरान अचानक आंखों के सामने अंधेरा छा गया और वह बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
छठे राउंड में काजल और नीतू के पैर में लगी चोट
लखीमपुर खीरी निवासी 28 वर्षीय काजल जायसवाल और नीतू देवी को दौड़ के छठे राउंड में पैर में चोट लगी। दोनों गिर गईं।जांच के बाद उनके पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं 25 वर्षीय सरिता भी दौड़ के दौरान घायल हुईं और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान लगातार शारीरिक दक्षता परीक्षा
बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जा रही है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को महिला अभ्यर्थियों की दौड़ के दौरान छह अभ्यर्थियों के घायल होने की घटना सामने आई। सभी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
