बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान फर्रुखाबाद के दो अभ्यर्थी घायल, सुरजीत को दौड़ते समय आया चक्कर तो युवराज के पैर में फ्रैक्चर, पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया
बरेली : उत्तर प्रदेश में चल रही होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के दौरान बरेली में शनिवार को दो अभ्यर्थी घायल हो गए। स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ के दौरान फर्रुखाबाद के दो अभ्यर्थी अचानक ट्रैक पर गिर पड़े। एक अभ्यर्थी सुरजीत सिंह को दौड़ते समय चक्कर आया, जबकि दूसरे अभ्यर्थी युवराज सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को पुलिसकर्मियों की मदद से एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शुक्रवार को बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी शिवम यादव की मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान मौत हो गई थी। उनका आज अंतिम संस्कार किया गया।
दसवें राउंड में अचानक आया चक्कर
फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ क्षेत्र के बागड़िया गांव निवासी 25 वर्षीय सुरजीत सिंह भी होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल होने बरेली पहुंचे थे। वह स्नातक हैं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। शनिवार को दौड़ के दौरान वह दसवें चक्कर में थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आने लगा और वह ट्रैक पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें उठाया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हादसे के कारण सुरजीत की दौड़ पूरी नहीं हो सकी। रिपोर्ट के अनुसार, वह इससे पहले भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो चुके हैं और सरकारी नौकरी की उम्मीद में इस बार होमगार्ड भर्ती की दौड़ में उतरे थे।
दौड़ते-दौड़ते पैर से आई हड्डी चटकने की आवाज
दूसरा हादसा फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला हीरा सिंह निवासी 20 वर्षीय युवराज सिंह के साथ हुआ। युवराज पहली बार किसी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने बरेली आए थे। दौड़ के दौरान अचानक उनके पैर से हड्डी चटकने जैसी आवाज आई। इसके बाद वह ट्रैक पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। युवराज ने बीएससी की पढ़ाई की है और सरकारी नौकरी की तलाश में थे। उनके पिता किसान हैं।
भर्ती की दौड़ बनी चुनौती
बरेली में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान इससे पहले भी अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने और चोटिल होने के मामले सामने आ चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में दौड़ पूरी करनी है। शुरुआती दिनों में भी कुछ अभ्यर्थियों को दौड़ के दौरान चक्कर आने और चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया था।बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया 22 सितंबर तक चलनी है। पहले दिन 1,050 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसमें 1,029 उपस्थित हुए और 1,018 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। इनमें 898 अभ्यर्थी सफल हुए थे।
