सुभाषनगर पुलिस ने बुखारा रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी,1 किलो 34 ग्राम अफीम और मोबाइल बरामद, पूछताछ में मामा से अफीम लाने की बात कही
बरेली: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सुभाषनगर पुलिस ने एक युवक को 1 किलो 34 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुभाषनगर पुलिस टीम ने करेली अंडरपास के आगे बुखारा रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने कमलजीत उर्फ अमरजीत (19) पुत्र दिनेश पाल, निवासी ग्राम जगतपुर, थाना कैंट, बरेली को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1 किलो 34 ग्राम अवैध अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
मामा से अफीम लाने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह बरामद अफीम अपने मामा धर्मवीर निवासी ग्राम कांधरपुर, थाना कैंट, बरेली से लेकर आया था। आरोपी के अनुसार, वह अपने मामा के साथ मिलकर अफीम की खरीद-फरोख्त करता है और बरामद अफीम को राह चलते लोगों को बेचने के लिए ले जा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के संबंध में थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
ये पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल
पुलिस टीम में निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रोबिन सिंह, हेड कांस्टेबल उमेन्द्र सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मनीष भारद्वाज शामिल रहे।
