डीएम अविनाश सिंह और एसपी ग्रामीण ने सुनीं फरियादें, 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों, नगरवासियों और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 200 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में चकबंदी, भूमि विवाद,राजस्व,राशन कार्ड, आवास, पेंशन और सड़क से जुड़ी शिकायतों के साथ किसानों ने गन्ने के बकाया भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। वहीं बहेड़ी नगर क्षेत्र के लोगों ने पेयजल पाइपलाइन में लीकेज और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
चकबंदी कानूनगो की शिकायत पर डीएम नाराज
ग्राम बांकौली निवासी एक फरियादी ने चकबंदी कानूनगो पर अनावश्यक दबाव बनाने और ऐसा न करने पर चक के गाटों में बदलाव करने की शिकायत की।शिकायत पर डीएम ने नाराजगी जताई और बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को मामले की तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जमीन पर कब्जे की शिकायत, जांच के निर्देश
ग्राम मुरारपुर उर्फ मुरचौड़ा के एक व्यक्ति ने भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर निर्माण कराने की शिकायत की। फरियादी ने हल्का लेखपाल पर मामले में टालमटोल करने और अपर जिलाधिकारी के कुर्रा बंटवारे से संबंधित आदेश का अनुपालन न करने का आरोप लगाया। इस मामले में डीएम ने तहसीलदार न्यायिक और संबंधित राजस्व निरीक्षक को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भूमि के कुर्रा बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।
गन्ना भुगतान का उठा मुद्दा
संपूर्ण समाधान दिवस में किसानों ने गन्ने के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों ने डीएम से जल्द भुगतान कराए जाने की मांग की। इसके अलावा राजस्व,चकबंदी,भूमि,आवास, पेंशन, राशन कार्ड और सड़क सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पेयजल संकट की शिकायत
बहेड़ी नगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने कई स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन लीकेज और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायत की। फरियादियों ने कहा कि नगर में जलकल अभियंता की तैनाती न होने और जल निगम के जेई के पास अतिरिक्त प्रभार होने के कारण पेयजल संबंधी शिकायतों का समय से समाधान नहीं हो पा रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल समस्या की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मौके पर ही बनाए गए दो राशन कार्ड

समाधान दिवस में राशन कार्ड से जुड़ी शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को पात्रता के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर पात्रता के आधार पर दो लाभार्थियों के राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर उपलब्ध कराए गए। इससे दोनों लाभार्थियों को तत्काल राहत मिली।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी
डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष और ल पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों को सहायता
कार्यक्रम के दौरान कृषक दुर्घटना योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सहायता अनुदान राशि के डेमो चेक वितरित किए गए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को फलों की टोकरियां वितरित कर पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया।
प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ

संपूर्ण समाधान दिवस के बाद डीएम अविनाश सिंह ने तहसील परिसर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि कैंटीन में ताजा और स्वादिष्ट भोजन के साथ टिफिन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने तहसील कर्मचारियों से प्रेरणा कैंटीन की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की, ताकि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिल सके। डीएम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कैंटीन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
ये अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी/ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, एसडीएम बहेड़ी गोपाल शर्मा, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सीओ अरुण कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
