कोटेदारों को सख्त निर्देश जारी, आधार प्रमाणीकरण न होने पर OTP से मिलेगा राशन, सुबह 8 से शाम 6 बजे तक होगा वितरण
बरेली : यूपी के बरेली जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अगस्त माह का निशुल्क खाद्यान्न वितरण 5 अगस्त से 18 अगस्त तक किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने सभी उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) को शासन के निर्देशों के अनुसार पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल निशुल्क दिया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल वितरित किया जाएगा।
OTP के सत्यापन के माध्यम से राशन
खाद्यान्न वितरण के दौरान यदि किसी लाभार्थी का आधार आधारित प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो उसे पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP के सत्यापन के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न से वंचित न रहे। वितरण का समय प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी कोटेदारों को तय समय का पालन करने और लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 29,73,360 लाभार्थी
जिले में पात्र गृहस्थी योजना के 6,89,343 राशन कार्डों पर 29,73,360 लाभार्थी और अंत्योदय योजना के 99,365 राशन कार्डों पर 3,03,658 लाभार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त करेंगे। प्रशासन ने लाभार्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर अपने नजदीकी उचित दर की दुकान से निशुल्क राशन प्राप्त करने की अपील की है।
