नई दिल्ली : दिल्ली में बदलते मौसम के साथ ठंड बढ़ने लगी है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के बीच राजधानी की हवा भी प्रदूषित बनी हुई है। बुधवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 228 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
कई इलाकों में AQI 300 के पार
बुधवार सुबह छह बजे तक दिल्ली का औसत एक्यूआई 228 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक 331 रहा। इसके अलावा आनंद विहार में 327, नॉर्थ कैंपस में 314 और इग्नू मैदानगढ़ी व बुराड़ी क्रॉसिंग में 304-304 एक्यूआई दर्ज किया गया। अशोक विहार में भी वायु गुणवत्ता चिंताजनक रही, जहां एक्यूआई 224 रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को भी खराब रही हवा
इससे पहले मंगलवार सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 200 दर्ज किया गया था। उस समय हवा में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक के रूप में मौजूद था। लगातार बढ़ते प्रदूषण के बीच राजधानी के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
सुबह धुंध और कोहरे के आसार
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, जबकि सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ठंड और प्रदूषण के इस दोहरे असर के बीच लोगों को सुबह के समय सतर्क रहने की जरूरत है।
