राज्यपाल स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का करेंगी अनावरण,कृषि संकाय और नए मार्ग का भी होगा लोकार्पण; 82 मेधावियों में 24 को मंच से मिलेगा सम्मान
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) का 24वां दीक्षांत समारोह 4 अगस्त को आयोजित होगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। इस बार उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के ट्रेन से बरेली आने की संभावना जताई जा रही है। समारोह में विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा और कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी होगा। कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि राज्यपाल स्वर्ण जयंती द्वार से विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करेंगी। यहां वे स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके बाद नव निर्मित मार्ग और कृषि संकाय भवन का लोकार्पण किया जाएगा। सभी कार्यक्रमों के बाद राज्यपाल अटल सभागार पहुंचकर दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। इस वर्ष विश्वविद्यालय के 82 स्नातक और परास्नातक मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा, लेकिन मंच से केवल 24 विद्यार्थियों को ही पदक प्रदान किए जाएंगे। शेष मेधावियों को अन्य विशिष्ट अतिथियों के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
बारिश को देखते हुए बदला गया रोबिंग का इंतजाम
मानसून को ध्यान में रखते हुए इस बार दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। राज्यपाल के लिए रोबिंग टेंट हाउस खुले मैदान के बजाय सभागार भवन के भीतर बनाया जाएगा। यहीं वे औपचारिक शैक्षणिक परिधान (पटका) धारण करेंगी और इसके बाद शोभायात्रा में शामिल होंगी। विश्वविद्यालय ने शोभायात्रा के ड्रेस कोड में भी आवश्यक परिवर्तन किए हैं।
विद्यालयी प्रतिभाओं की रचनाएं बनेंगी पुस्तक
दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में आयोजित निबंध और कहानी लेखन प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों की रचनाओं को पुस्तक (बुकलेट) का रूप दिया जाएगा। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्यपाल सम्मानित करेंगी। यह पुस्तक संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सौंपी जाएगी, ताकि अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिल सके।
मियावाकी पद्धति से विकसित होगा हरित परिसर
विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती द्वार के भीतर मियावाकी पद्धति से पौधरोपण किया गया है। कुलपति ने कहा कि यह उपवन परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ जैव-विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
इसके अलावा रविवार सुबह 9:30 बजे एमबीए सभागार में प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ के तहत विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दीक्षांत समारोह को गरिमामय और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।

