महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र में घटना के बाद जांच करती पुलिस
महराजगंज : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 25 वर्षीय विवाहिता संध्या उर्फ खुशबू चौहान ने सऊदी अरब में काम कर रहे अपने पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान कथित विवाद के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच रुपये मांगने को लेकर कहासुनी हुई थी। घटना के समय पति करीब 3600 किलोमीटर दूर सऊदी अरब में मौजूद था।
डेढ़ साल से सऊदी में काम कर रहा था पति
जानकारी के अनुसार, संध्या के पति राकेश चौहान करीब डेढ़ वर्ष पहले रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। घर पर संध्या अपनी सास, तीन वर्षीय बेटी ज्योति और छह माह के बेटे कार्तिकेय के साथ रह रही थी। शनिवार रात उसने पति को वीडियो कॉल कर कुछ रुपये मांगे, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।
सुबह तक चलता रहा वीडियो कॉल, सास ने देखा शव
रविवार सुबह जब संध्या देर तक कमरे से बाहर नहीं आई तो उसकी सास उसे जगाने पहुंचीं। कमरे में उन्होंने बहू को फंदे से लटका पाया। परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान परिजनों ने देखा कि मोबाइल पर वीडियो कॉल अभी भी चल रही थी। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है।
तहरीर मिलने पर होगी आगे की कानूनी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
