दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मचा हड़कंप, समर्थकों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
नई दिल्ली: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा हो गया। आरोप है कि एक युवक चाकू लेकर वहां पहुंचा और सांसद पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पप्पू यादव ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप
घटना के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ओर से पहले भी उन्हें धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि आरोपी चाकू लेकर उनके घर में घुसा था। उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस संबंध में कई शिकायतें और एफआईआर दर्ज करा चुके हैं।
समर्थकों ने हमलावर को दबोचा
पप्पू यादव के समर्थकों का दावा है कि जैसे ही युवक ने कथित तौर पर चाकू निकाला, उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वकील ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
पप्पू यादव के वकील ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पहले से धमकियों की जानकारी देने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने मामले में आगे कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
