बरेली : शहर की कैंट थाना पुलिस ने गौवध से जुड़े मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान के गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घिरने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में की गई फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को नकटिया नदी पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में गौवंशीय अवशेष बरामद हुए थे। इस मामले में थाना कैंट में FIR संख्या 413/2026, धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने 30 अगस्त 2026 को दो आरोपियों पैकर इल्मास वारसी खान निवासी रोहली टोला, थाना बारादरी और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान निवासी ठिरिया निजावत खान, थाना कैंट को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।पुलिस अब मामले में वांछित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी।
सुबह 3:30 बजे मिली बदमाश की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे कैंट थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौवध के मुकदमे में वांछित एक बदमाश कठपुला पुल की तरफ से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम कठपुला पुल की ओर रवाना हुई। इसी दौरान कृष्णा कॉलोनी की तरफ से स्कूटी पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी और कठपुला पुल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया।
स्कूटी गिरने के बाद पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, कठपुला पुल के पास गड्ढे और फिसलन के कारण संदिग्ध की स्कूटी गिर गई।इसके बाद उसने खुद को पुलिस से घिरा देखकर कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मैदान की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान छोटा उर्फ राशिद पुत्र इब्राहिम, निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत और हाल निवासी ग्राम फरीदापुर चौधरी, थाना इज्जतनगर, बरेली के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है।
तमंचा, कारतूस और वध के उपकरण बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 315 बोर के 03 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की 01 स्कूटी,मोबाइल फोन,पशु वध में इस्तेमाल होने वाले 02 छुरी सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और मामले में उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में अलग से अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
