एसपी चीफ बोले – अग्निवीर व्यवस्था हो खत्म, युवाओं को मिले फौज में पक्की नौकरी, एक्सप्रेसवे के गड्ढों पर का तंज- दुनिया हंसेगी, 2027 में युवाओं, किसानों और सहारनपुर के लिए बड़े ऐलान का संकेत
सहारनपुर/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सहारनपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक उन्होंने भ्रष्टाचार,किसानों की समस्याओं, अग्निवीर योजना,आरक्षण, महंगाई,स्वास्थ्य और एक्सप्रेसवे की खराब स्थिति समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि “इस सरकार में भ्रष्टाचार की संस्कृति है।” उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर श्रद्धा और आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामधन की चोरी को जनता और भगवान माफ नहीं करेंगे।
खत्म की जाए अग्निवीर योजना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि अग्निवीर व्यवस्था समाप्त हो और युवाओं को सेना में पक्की नौकरी मिले। उन्होंने युवाओं के लिए खेल सुविधाएं बढ़ाने और योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही।सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में उनकी सरकार बनने पर युवाओं के लिए खेल और रोजगार के क्षेत्र में काम किया जाएगा।
किसानों के मुद्दे पर घेरा सरकार को
सपा अध्यक्ष ने किसानों को खाद, बढ़ती लागत और फसलों की कीमत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मदद करनी होगी और उनकी पैदावार की सही कीमत देनी होगी। गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर गन्ने का भुगतान 24 घंटे में करने की व्यवस्था की जाएगी।
एक्सप्रेसवे के गड्ढों पर तंज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भी सरकार पर हमला बोला।उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी हो रही है और कई एक्सप्रेसवे पर गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने गंगा और लखनऊ -कानपुर एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए सरकार से निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने पर सवाल उठाए। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी अखिलेश यादव ने गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर सरकार पर तंज कसा और कहा कि भाजपा को ‘मां गंगा’ बुलाने वालों को गंगा एक्सप्रेसवे से नहीं आना चाहिए।
आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा
आरक्षण के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि “आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा।उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाया। वहीं, PDA को लेकर उन्होंने कहा कि उनका PDA भाजपा का मुकाबला कर रहा है।
सहारनपुर के लिए अलग मेनिफेस्टो का संकेत
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में सहारनपुर का विशेष मेनिफेस्टो तैयार किया जाएगा। उन्होंने सहारनपुर के शैखुल हिन्द मेडिकल कॉलेज में कैंसर सेंटर खोलने की बात भी कही। साथ ही विधानसभा चुनाव में सहारनपुर और दूसरे जिलों की जरूरत के हिसाब से अलग -अलग घोषणापत्र तैयार करने की बात कही।
गठबंधन और टिकट पर भी बोले
गठबंधन से चुनाव जीत चुके नेताओं के टिकट को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि ऐसे लोग गठबंधन में टिकट नहीं पाते हैं तो सपा उनके बारे में विचार कर सकती है। उन्होंने कहा कि सपा में आने वालों को सम्मान दिया जाएगा। सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि “कोई सीट का फार्मूला नहीं, जीत का फार्मूला है हमारा।”
भाजपा पर लगातार हमलावर रहे अखिलेश
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने महंगाई, बिजली, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद-बीज, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने स्मार्ट सिटी और जल जीवन मिशन में भी कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर उनका स्वागत किया। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन, सांसद हरेंद्र मलिक, सांसद इकरा हसन, विधायक अतुल प्रधान समेत कई नेता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
