सीसीटीवी और कार नंबर से आरोपी तक पहुंची पुलिस,टक्कर मारने के बाद कांच से रेत दिया था गला, मानसिक रूप से बीमार होने की बात भी सामने आई
बरेली : भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले परचून व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने पड़ोसी बस्ती के 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की मृतक से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि उसने सनक में आकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पहले कार से मारी थी टक्कर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अरमान पहले कार से सियाराम श्रीवास्तव को टक्कर मारकर गिराया। इसके बाद कांच के टुकड़े से उनका गला रेत दिया और शरीर पर कई वार किए, ताकि उनकी मौत सुनिश्चित हो जाए। इस घटना के खुलासे में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही। फुटेज में दिखाई दी कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में पता चला कि कार आरोपी के पिता के नाम पर पंजीकृत है।
हत्या से पहले कान में आई आवाज
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अक्सर ऐसा महसूस होता था कि कोई उसके कान में लोगों की हत्या करने के लिए कहता है। उसने दावा किया कि सियाराम श्रीवास्तव को देखकर भी उसे ऐसी ही आवाज सुनाई दी। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया।पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी मानसिक रोग से ग्रसित बताया जाता है और वह अन्य लोगों का भी इसी तरह पीछा कर चुका था। हालांकि मानसिक स्थिति को लेकर अंतिम निष्कर्ष चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा।
पत्नी के साथ गए थे मॉर्निंग वॉक पर
गौरतलब है कि भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा के बिबियापुर कायस्थान निवासी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनकी पत्नी बीच रास्ते से वापस लौट आईं, जबकि सियाराम आगे निकल गए। कुछ देर बाद उनका शव सड़क किनारे मिला था। इस मामले में मृतक के बेटे ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी, और तकनीकी साक्ष्यों से जांच
पुलिस ने गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले में अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा कर रही है।
