परिजनों ने चेक पोस्ट कर्मियों पर वसूली और दौड़ाने का लगाया आरोप, हाईवे जाम कर किया हंगामा, प्रशासन ने आरोपों से किया इनकार, जांच शुरू
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र के नैनीताल हाईवे स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट आमंडांडा के पास एक दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक और उसके क्लीनर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों, ट्रांसपोर्टरों और अन्य ट्रक चालकों ने चेक पोस्ट पर जमकर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। मृतकों के परिजनों ने चेक पोस्ट पर तैनात कर्मियों पर अवैध वसूली और चालक को दौड़ाने का आरोप लगाया, जबकि प्रशासन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पर दौड़ाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, देवरनियां क्षेत्र के गांव मुड़िया गांव निवासी ट्रक चालक वासिफ और इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कंजादासपुर निवासी क्लीनर इरफान रविवार शाम ट्रक लेकर उत्तराखंड सीमा स्थित आमटांडा अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चेक पोस्ट पर वसूली को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद चालक और क्लीनर रेलवे लाइन की ओर भागे। इसी दौरान लालकुआं से बरेली की ओर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए आरोप
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि चेक पोस्ट पर वाहनों से अवैध वसूली की जाती है और विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने चालक को दौड़ा दिया, जिससे यह हादसा हुआ। आक्रोशित लोगों ने नैनीताल हाईवे पर जाम लगा दिया और चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद फुटेज के साथ छेड़छाड़ की गई।
सीसीटीवी कैमरों में आरोप फर्जी
इस मामले की सूचना पर सीओ, तहसीलदार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बहेड़ी के अलावा देवरनियां, शेरगढ़ और शीशगढ़ थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।अधिकारियों ने परिजनों को सीसीटीवी फुटेज दिखाई और आरोपों को गलत बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। प्रशासन ने कहा कि मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी।
जांच में जुटी पुलिस
मृतक चालक वासिफ के भाई आसिफ ने कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मामले में निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
