बरेली: यूपी के बरेली ज़िले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान टप्पेबाजी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से दबोच लिए गए। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और महिला से लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद किए हैं। इस मामले में एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
रात में गश्त के दौरान मुठभेड़, पुलिस पर की फायरिंग
मीरगंज पुलिस देर रात कुल्छा पेट्रोल पंप से नगरिया सादात मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मजार के पास पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।पुलिस के अनुसार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान मेरठ निवासी अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादे के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। वहीं उसके साथी पप्पू सिंह उर्फ फौजी और आसिफ को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार, बाइक और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक चाकू, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने 15 जुलाई 2026 को मीरगंज बाजार के पास एक महिला से टप्पेबाजी कर सोने के कुंडल चोरी करने की घटना कबूल की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बरेली के अलावा अन्य जिलों में भी इसी तरह की कई वारदातें करने की बात स्वीकार की है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
आरोपी की पत्नी भी गिरफ्तार, लूटे गए सोने के कुंडल बरामद
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आसिफ की पत्नी फईमा को भी रामपुर-बरेली रोड स्थित लाभारी चौकी के आगे से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से महिला के लूटे गए सोने के एक जोड़ी कुंडल बरामद किए गए। बरामदगी के बाद संबंधित मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है।
