शंखा-अगरास मार्ग से गुजारा जाएगा ट्रैफिक, यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन ने एसपी ट्रैफिक को रूट डायवर्जन को लिखा पत्र
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी वाया शाही -बहेड़ी मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 371बी (भिटौरा) पर प्रस्तावित रेलवे उपरिगामी सेतु (ROB) के निर्माण को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड, सेतु निर्माण इकाई-द्वितीय, बरेली के परियोजना प्रबंधक ने अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), बरेली को पत्र भेजकर निर्माण अवधि में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है। उत्तर रेलवे की धनेटा और भिटौरा स्टेशन के बीच स्थित क्रॉसिंग संख्या 371बी पर रेलवे उपरिगामी सेतु का निर्माण कार्य किया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान शाही, फतेहगंज पश्चिमी और बरेली से आने-जाने वाले यातायात का संचालन लगभग छह महीने के लिए वैकल्पिक मार्गों से कराने का प्रस्ताव दिया गया है।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
उत्तर रेलवे की 371 भिटौरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर तीन रास्तों से ट्रैफिक को गुजारा जाएगा। सेतु निगम की ओर से भेजे गए पत्र में यातायात संचालन के लिए तीन मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। इसमें शाही से बरेली और फतेहगंज पश्चिमी की ओर जाने वाला ट्रैफिक है। यह ट्रैफिक शंखा से अगरास (ANA कॉलेज) को गुजारा जाएगा। इसी तरह से बरेली से शाही की ओर जाने वाला यातायात धनेटा क्रॉसिंग, और शाही-बहेड़ी की ओर से आने वाला ट्रैफिक नैनीताल वाया सोराहा-अगरास रोड से गुजरेगा।
पीडी ने भेजा एसपी ट्रैफिक को पत्र
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक धन प्रकाश की ओर से भेजे गए पत्र में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात (एसपी ट्रैफिक) से अनुरोध किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित क्रॉसिंग डायवर्जन के अनुसार यातायात का संचालन कराने के लिए निर्देशित किया जाए। पत्र में कहा गया है कि इससे रेलवे उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से कराया जा सकेगा। पत्र में लगभग छह माह तक वैकल्पिक मार्ग से यातायात संचालित कराने की बात कही गई है। अंतिम ट्रैफिक व्यवस्था और लागू होने की तिथि संबंधित यातायात/प्रशासनिक स्तर के निर्देशों के अनुसार तय होगी।
