बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भिलैइया में मंगलवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रतिमा का एक हाथ और चश्मा तोड़ा गया। प्रतिमा स्थल पर लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी नुकसान पहुंचाने तथा सोलर पैनल की बैटरी चोरी किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से मचा हड़कंप
गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि पर अंबेडकर पार्क बना हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क की चारदीवारी नहीं है। ग्राम प्रधान देवदत्त की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 31 अगस्त की रात अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा का एक हाथ और चश्मा टूटा देखा, तो मौके पर भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और पुलिस को सूचना दी गई।
प्रतिमा स्थल के सामान में भी तोड़फोड़ का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने प्रतिमा के अलावा वहां लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही सोलर पैनल की बैटरी चोरी किए जाने की बात कही गई है। पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है। ग्राम प्रधान के मुताबिक, इससे पहले भी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना हो चुकी है। दोबारा ऐसी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
इस घटना की सूचना पर बहेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि भिलैइया स्थित अंबेडकर पार्क में प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और घटना को अंजाम देने वालों की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
इस घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। लोगों से आग्रह किया गया है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाला कोई कार्य न करें। पुलिस का कहना है कि घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे। उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
