उड़ान भरने के कुछ देर बाद सामने आई तकनीकी खराबी, विमान को वापस मोपा एयरपोर्ट लाया गया
गोवा: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान में मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई। विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी मिलने के बाद उसे वापस गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। विमान में कुल 229 यात्री सवार थे।
एयरपोर्ट अधिकारी के मुताबिक, उत्तर गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान ने सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया गया। विमान को मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में सुरक्षित उतारा गया।
विमान की आपात लैंडिंग के दौरान किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं है। विमान में सवार सभी 229 यात्री सुरक्षित हैं। विमान के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी शुरू की गई।
एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को दोपहर में दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजे जाने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल विमान के इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित तकनीकी टीम विमान की जांच कर रही है।
उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद इंजन में खराबी सामने आने के कारण विमान को वापस लौटना पड़ा। समय रहते विमान को गोवा लाकर सुरक्षित उतारे जाने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान से दिल्ली भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।