बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की 11वीं बोर्ड बैठक में कमिश्नर शम्भू कुमार ने ऑफ रोड बसों को जल्द सड़क पर उतारने और लोड फैक्टर सुधारने के दिए निर्देश
बरेली: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की 11वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को कमिश्नर शम्भू कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में हुई। बैठक में ई-बसों के संचालन, यात्रियों की संख्या बढ़ाने और शहर में अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा व ऑटो पर कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
सभी 25 ई-बसों के संचालन पर जोर
कमिश्नर ने ऑपरेटर को निर्देश दिए कि जो ई-बसें फिलहाल ऑफ रोड हैं, उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त कर ऑन रोड किया जाए। साथ ही बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के बेड़े में शामिल सभी 25 ई-बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए होगा सुधार
बैठक में ई-बसों के लोड फैक्टर की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने लोड फैक्टर में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक यात्री सिटी बस सेवा का इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।
अवैध ई-रिक्शा और ऑटो पर प्रतिबंध के निर्देश
शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई।कमिश्नर ने नगर सीमा में संचालित अवैध ई-रिक्शा और ऑटो को प्रतिबंधित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसका उद्देश्य शहर में परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करना और निर्धारित नियमों के अनुसार वाहनों का संचालन सुनिश्चित करना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीएम सिटी अपर अविनाश त्रिपाठी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रणव झा, बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मो. अजीम और कंपनी सचिव दिलीप दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
