सुब्हानी मियां और अहसन मियां बोले- दीन पर मजबूती से कायम रहें, सोशल मीडिया का करें जिम्मेदारी से इस्तेमाल, शाम 5 बजे निकलेगा मुख्य परचमी जुलूस, 6 बजे के बाद होगी परचम कुशाई
बरेली : दरगाह आला हज़रत में 108वें उर्स-ए-रज़वी का आगाज़ गुरुवार शाम परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा। उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस अवसर पर दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) ने जायरीन के नाम विशेष पैगाम जारी करते हुए दीन-ए-इस्लाम पर मजबूती से कायम रहने, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और मुल्क की तरक्की के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इमाम अहमद रज़ा फाज़िले बरेलवी ऐसी महान शख्सियत थे, जिन्होंने अपने गहरे इल्म, दीनी खिदमत औ इश्क़-ए-रसूल के जरिए इतिहास में अमिट पहचान बनाई। उनके इल्मी और धार्मिक योगदान ने मुसलमानों में नई सोच और जागरूकता पैदा की, जिसकी गवाही पूरी सदी देती है।
उर्स-ए-रज़वी का पैगाम-मुहब्बत, अमन, इंसानियत और खानकाही इत्तेहाद
दरगाह प्रमुख ने कहा कि उर्स-ए-रज़वी का सबसे बड़ा संदेश मुहब्बत, अमन, इंसानियत और खानकाही इत्तेहाद है। सभी सिलसिलों के बुजुर्गों ने आपसी मेलजोल और एकता का संदेश दिया है। उन्होंने जायरीन से अपील की कि वे सामाजिक बुराइयों से दूर रहें, मसलक-ए-अहले सुन्नत की शिक्षाओं पर अमल करें और अपने मजहब के साथ-साथ अपने वतन के भी सच्चे वफादार बनें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सावधानी के साथ इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में भलाई, सद्भाव और सकारात्मक संदेश फैलाना ही आला हज़रत को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
ठिरिया निजावत खां और रहपुरा चौधरी से पहुंचेंगे बड़े परचम
उर्स की रस्मों के तहत गुरुवार शाम 5 बजे मुख्य परचमी जुलूस सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की कयादत में आज़म नगर से दरगाह के लिए रवाना होगा। वहीं ठिरिया निजावत खान और रहपुरा चौधरी से बड़े परचम और चादरों के जुलूस भी दरगाह पहुंचेंगे। इन जुलूसों को सज्जादानशीन हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे के बाद दरगाह परिसर में परचम कुशाई की रस्म के साथ 108वें उर्स-ए-रज़वी का औपचारिक आगाज़ होगा।आयोजन को लेकर दरगाह परिसर और आसपास व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है।
