रसड़ा के सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद गांव में वारदात से मचा हड़कंप, दोनों के सिर पर चोट के निशान; घर में साक्ष्य मिटाने की कोशिश के संकेत
बलिया: जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद गांव में गुरुवार सुबह मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। 65 वर्षीय मानती गुप्ता का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी करीब 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी गौरी का शव घर के पीछे करीब 25 से 30 मीटर दूर धान के खेत के किनारे पड़ा मिला। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही रसड़ा पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, स्वाट और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
घर में मां का शव, खेत के किनारे मिली बेटी की लाश
पुलिस के मुताबिक, गांव के चौकीदार ने सुबह सराय भारती उर्फ मुस्तफाबाद गांव में मां-बेटी के शव पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि घर में रामचीज गुप्ता, उनकी पत्नी मानती गुप्ता और उनकी करीब 22 वर्षीय दिव्यांग बेटी गौरी रहती थीं। प्रारंभिक जांच में मां-बेटी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भारी वस्तु से सिर पर वार किए जाने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर खून के निशान को धोकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश किए जाने के संकेत भी मिले हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस को घर के अंदर वारदात किए जाने का शक
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आशंका है कि वारदात घर के अंदर की गई। इसके बाद गौरी के शव को घर से बाहर ले जाकर करीब 25 से 30 मीटर दूर धान के खेत के किनारे फेंका गया।घटना के पीछे की वजह और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। स्वाट और सर्विलांस टीम भी मामले की जांच में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट
पुलिस ने मां-बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चोटों की प्रकृति और मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
