रविदास जयंती शोभायात्रा में शामिल होने जा रहे थे बिसौली विधायक, बनकोटा के पास सामने से आ रहे वाहन से हुई टक्कर
बदायूं: बिसौली से विधायक आशुतोष मौर्य की कार रविवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह रविदास जयंती शोभायात्रा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बदायूं से बगरैन जा रहे थे। बनकोटा के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे एक वाहन से आमने-सामने टक्कर हो गई।
विधायक, ड्राइवर और गनर घायल

हादसे में विधायक आशुतोष मौर्य, उनके ड्राइवर और गनर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को बिसौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
