बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एचपीसीएल प्लांट में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 50 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के भाई शिवम प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च 2026 को हुई सनसनीखेज वारदात से जुड़ा है, जब दोपहर करीब 1:30 बजे प्लांट परिसर में दो अधिकारियों सुधीर गुप्ता (58) और हर्षित मिश्रा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन इस हत्याकांड में शामिल अभय प्रताप सिंह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में मूसाझाग थाना पुलिस और एसओजी/स्वाट टीम को संयुक्त रूप से लगाया गया।पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अभय प्रताप सिंह और उसका भाई शिवम प्रताप सिंह जनपद फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 13 और 14 अप्रैल की रात घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए मूसाझाग थाना लाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अभय प्रताप ने अवैध हथियारों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे उसकी निशानदेही पर असलहा बरामद कराने के लिए ग्राम सैजनी के पास ले गई। इसी दौरान आरोपी ने छिपा हुआ तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी प्रशांत कुमार घायल हो गए।
पुलिस ने तुरंत आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभय प्रताप के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया और घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल सिपाही प्रशांत कुमार का भी उपचार जारी है।
मुठभेड़ स्थल के पास जंगल से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए हैं, जिनमें एक 32 बोर देशी पिस्टल, एक मैगजीन, दो 315 बोर तमंचे, 10 जिंदा कारतूस और 4 खोखा कारतूस शामिल हैं। सभी बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभय प्रताप सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कुछ मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, जबकि कई मामले अभी भी जांच में हैं।
वहीं गिरफ्तार दूसरे आरोपी शिवम प्रताप सिंह पर भी सार्वजनिक संपत्ति नुकसान समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जो वर्तमान में विवेचनाधीन हैं। पुलिस अब दोनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई डबल मर्डर केस में फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से बड़ी सफलता है और आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
